IBA-UFBU की देर रात बैठक में बनी सहमति, बाकी शनिवारों की छुट्टी पर बनेगी हाईलेवल कमेटी; PLI में बदलाव और लंबित मुद्दों पर भी होगी बातचीत
नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल टल गई है। ऐसे में सोमवार यानी आज बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुलेंगी। हड़ताल को लेकर इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात करीब 9:30 बजे अहम बैठक हुई, जिसके बाद हड़ताल टालने पर सहमति बनी।
शनिवार की छुट्टी पर बनेगी हाईलेवल कमेटी
UFBU के मुताबिक, पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग के तहत बाकी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर IBA और UFBU की एक हाईलेवल कमेटी तत्काल गठित की जाएगी। कमेटी इस मामले में सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद ऐसा समाधान तलाशेगी, जो बैंक ग्राहकों समेत सभी हितधारकों के लिए स्वीकार्य हो।
हालांकि, अभी पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू नहीं हुआ है। फिलहाल बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं। बाकी शनिवारों को छुट्टी देने का फैसला कमेटी की चर्चा और आगे की प्रक्रिया के बाद होगा।
PLI योजना में बदलाव पर भी होगी बातचीत
बैठक में स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए Performance Linked Incentive (PLI) योजना का मुद्दा भी उठा। IBA इस योजना में संभावित बदलावों को लेकर सरकार के साथ बातचीत शुरू करेगा, ताकि यूनियनों और एसोसिएशनों की ओर से उठाई गई आपत्तियों पर विचार किया जा सके।
इसके अलावा 8 मार्च 2024 के समझौते से जुड़े लंबित मुद्दों पर भी दोनों पक्ष जल्द बातचीत करेंगे। इन मुद्दों के शीघ्र समाधान की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति बनी है।
ग्राहकों को क्या फायदा?
हड़ताल टलने से 28 से 30 सितंबर के बीच बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने का खतरा फिलहाल टल गया है। खासकर सितंबर के छमाही वित्तीय समापन के दौरान बैंकिंग सेवाओं में संभावित व्यवधान से ग्राहकों और कारोबारियों को राहत मिलेगी।
Comments (0)