प्रयागराज में ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद; बोले- नौकरी तलाशने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने युवाओं के बीच अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। रविवार को प्रयागराज के परेड ग्राउंड में आयोजित ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद किया और शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं से लेकर राजनीति में युवाओं की भागीदारी तक कई मुद्दे उठाए।

चिराग पासवान ने कहा कि देश में युवाओं की बड़ी आबादी है, लेकिन उनके लिए समर्पित युवा आयोग नहीं है। बिहार में युवा आयोग के गठन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगर सरकार में उनकी भागीदारी रही तो उत्तर प्रदेश में भी युवा आयोग के गठन की दिशा में काम किया जाएगा। उनके मुताबिक यह आयोग शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और युवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मंच का काम कर सकता है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी राष्ट्रीय युवा आयोग गठित करने की जरूरत बताई।

परीक्षा रद्द हुई तो छात्रों का खर्च उठाए विभाग

प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर चिराग ने कहा कि एक बार परीक्षा की तारीख तय हो जाने के बाद उसमें बदलाव नहीं होना चाहिए। यदि विभाग की गलती से परीक्षा रद्द होती है तो अभ्यर्थियों के आने-जाने, ठहरने और भोजन का खर्च संबंधित विभाग को उठाना चाहिए। उन्होंने पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने से युवाओं के भविष्य पर पड़ने वाली चिंता का भी जिक्र किया।

'जॉब सीकर नहीं, जॉब प्रोवाइडर बनें'

चिराग ने युवाओं से अपनी क्षमता और हुनर पहचानने तथा उसे लगातार निखारने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले बनने के बजाय रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी सोचें। स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने की जरूरत बताते हुए उन्होंने युवाओं से उद्योगों से अनुभव लेने और आगे अपना व्यवसाय शुरू करने की दिशा में बढ़ने की बात कही।

राजनीति में पढ़े-लिखे युवाओं की भागीदारी पर जोर

कार्यक्रम में चिराग पासवान ने कहा कि शिक्षित युवाओं के साथ डॉक्टर, इंजीनियर, उद्यमी और कला क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी राजनीति में आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं के लिए डिजिटल माध्यम से अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे रखने की व्यवस्था विकसित करने की बात भी कही।

‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम को लेकर LJP (रामविलास) ने इसे युवाओं से सीधा संवाद बढ़ाने की पहल के रूप में पेश किया है। पार्टी की उत्तर प्रदेश में गतिविधियां 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ रही हैं।