देहरादून। गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का भावपूर्ण स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जयंती की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, प्रेम, सद्भाव और मानवता को अपने जीवन का आधार बनाया। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज और पूरी मानवता का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को सबसे बड़ी ताकत बनाया और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर इसे जनआंदोलन का रूप दिया। उनके जीवन से यह प्रेरणा मिलती है कि दृढ़ संकल्प और सत्य-अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
धामी ने प्रदेशवासियों से गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता, करुणा, प्रेम और भाईचारा अपनाना ही बापू के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
शास्त्री जी के योगदान को भी किया याद
मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन और योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, नैतिकता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण है।
धामी ने कहा कि देश के कठिन दौर में शास्त्री जी ने प्रभावी नेतृत्व देते हुए राष्ट्र के आत्मविश्वास को मजबूत किया। उनका प्रसिद्ध नारा ‘जय जवान, जय किसान’ देश की सुरक्षा और खाद्य आत्मनिर्भरता में सैनिकों और किसानों की भूमिका को रेखांकित करता है। यह संदेश आज भी देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, एकजुटता और कर्तव्यबोध की भावना जगाता है।
Comments (0)