नई दिल्ली/गुरुग्राम। दिल्ली और गुरुग्राम के बीच MG रोड से रोजाना सफर करने वाले हजारों लोगों के लिए राहत की खबर है। इस प्रमुख मार्ग पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए दिल्ली की सीमा में करीब 4.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने परियोजना की DPR तैयार कर ली है और तकनीकी स्तर पर इसे मंजूरी भी मिल चुकी है। अब मंत्रालय की मंजूरी के बाद निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।

अंधेरिया मोड़ से दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर तक काम

प्रस्तावित एलिवेटेड रोड अंधेरिया मोड़ से दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर तक बनाया जाएगा। यह करीब 8.5 किलोमीटर लंबे सड़क खंड का हिस्सा होगा। परियोजना में सड़क को चौड़ा करने की योजना भी शामिल है। पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 980 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

4.5 किमी हिस्सा होगा एलिवेटेड

NHAI के परियोजना निदेशक योगेश तिलक के अनुसार, दिल्ली की तरफ MG रोड के हिस्से की DPR तैयार हो चुकी है। इसमें करीब 4.5 किलोमीटर सड़क को एलिवेटेड करने की योजना है। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुगम होने और ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

हाईवे के ऊपर बनेगा एलिवेटेड यू-टर्न

परियोजना में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर MG रोड से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एलिवेटेड यू-टर्न बनाने की योजना भी शामिल है। यह यू-टर्न हाईवे के ऊपर से होकर गुजरेगा। दिल्ली से MG रोड की तरफ आने वाले वाहनों के लिए भी एलिवेटेड कनेक्शन की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

गुरुग्राम में भी एलिवेटेड रोड की तैयारी

गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक भी एलिवेटेड रोड बनाने की योजना है। यह मार्ग द्वारका एक्सप्रेसवे को दिल्ली-जयपुर हाईवे से जोड़ने वाली कनेक्टिविटी का अहम हिस्सा होगा। GMDA ने परियोजना के लिए सलाहकार नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके बाद नई DPR तैयार की जाएगी।

अगर दोनों परियोजनाएं आगे बढ़ती हैं तो दिल्ली-गुरुग्राम के बीच MG रोड और आसपास के प्रमुख जंक्शनों पर ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।