कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जुटेंगे विपक्षी दल, SIR, चुनाव आयोग और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्ताव पर बनेगी रणनीति

नई दिल्ली। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग से जुड़े विवाद के बीच INDIA ब्लॉक की अहम बैठक आज, 30 सितंबर को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होगी। बैठक में चुनावी वोटर लिस्ट के SIR, EVM-VVPAT और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के प्रस्ताव समेत कई मुद्दों पर विपक्षी दल आगे की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं।

बैठक से पहले विपक्षी खेमे में मतभेद भी सामने आए हैं। आम आदमी पार्टी ने बैठक से दूरी बनाने का फैसला किया है। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा है कि पार्टी बैठक में शामिल नहीं होगी, हालांकि CEC के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रस्ताव का वह समर्थन करेगी।

DMK भी नहीं होगी शामिल

तमिलनाडु की DMK ने भी बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया है। पार्टी प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा कि कांग्रेस के साथ राजनीतिक मतभेदों के चलते DMK अब INDIA ब्लॉक की बैठक में हिस्सा नहीं लेगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी वैचारिक रूप से BJP के विरोध के मुद्दे पर अन्य विपक्षी दलों के साथ है।

अखिलेश यादव की जगह सपा भेजेगी प्रतिनिधि

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी दिल्ली की बैठक में शामिल नहीं होंगे। सपा की ओर से इसकी वजह लखनऊ में पहले से तय कार्यक्रम और राज्यसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया बताई गई है। पार्टी की ओर से प्रतिनिधियों के बैठक में शामिल होने की बात कही गई है। हालांकि, रिपोर्टों में यह भी सामने आया है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर मतभेद हैं।

बैठक में कौन-कौन शामिल होगा?

कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी समेत कई अन्य विपक्षी नेता भी बैठक में पहुंच सकते हैं। बैठक में SIR के अलावा चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेद और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद में प्रस्ताव के लिए सांसदों के हस्ताक्षर जुटाने की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।