खैरताबाद गणेश विसर्जन जुलूस में ड्यूटी के बीच झूमता दिखा पुलिसकर्मी, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

हैदराबाद। गणपति बप्पा की विदाई के बीच हैदराबाद के खैरताबाद में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। विसर्जन जुलूस में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहा एक पुलिसकर्मी ढोल की थाप और तेज संगीत सुनकर अचानक झूमने लगा। कुछ ही सेकंड के उसके डांस ने वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी।

ढोल की थाप पर भूल गया ड्यूटी का तनाव

वायरल वीडियो में खैरताबाद के गणेश विसर्जन जुलूस में भारी भीड़ दिखाई दे रही है। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी लोगों के बीच खड़ा होकर पूरे उत्साह के साथ डांस करता नजर आता है। आसपास मौजूद लोग भी इस पल का आनंद लेते और मोबाइल कैमरे में इसे कैद करते दिखे।

केंद्रीय मंत्री ने भी शेयर किया वीडियो

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया। उन्होंने पुलिसकर्मी की ऊर्जा और विसर्जन के भक्तिमय माहौल की तारीफ करते हुए इसे खूबसूरत पल बताया। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा- ‘गणपति बप्पा मोरया।’

खैरताबाद का गणेश विसर्जन हैदराबाद के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां जुटते हैं। भारी भीड़ के बीच पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका रहती है। ऐसे में ड्यूटी के बीच पुलिसकर्मी का कुछ पल के लिए उत्सव के रंग में रंग जाना लोगों को खूब पसंद आया।