सोशल मीडिया पर छात्रा के साथ कथित यौन उत्पीड़न और आत्महत्या का दावा वायरल होने के बाद प्रदर्शन; पुलिस बोली- अभी घटना की पुष्टि नहीं
फगवाड़ा। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार देर रात कथित यौन उत्पीड़न की खबर को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। सोशल मीडिया पर एक छात्रा के साथ रेप और बाद में आत्महत्या किए जाने से जुड़ा दावा वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में जुट गए। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
गर्ल्स हॉस्टल के पास शुरू हुआ प्रदर्शन
रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शन की शुरुआत गर्ल्स हॉस्टल के आसपास हुई। देखते ही देखते छात्रों की संख्या बढ़ गई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने यूनिवर्सिटी की संपत्ति में तोड़फोड़ की और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। बाद में छात्रों का एक समूह कैंपस से बाहर निकल आया और जालंधर-फगवाड़ा मार्ग पर धरना देकर यातायात बाधित किया।
वायरल मैसेज से भड़का विवाद
पुलिस के अनुसार, विरोध की मुख्य वजह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक संदेश था, जिसमें एक बाहरी व्यक्ति द्वारा छात्रा के साथ रेप किए जाने का दावा किया गया था। कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में छात्रा की मौत की बात भी कही गई। पुलिस का कहना है कि अभी तक ऐसी घटना की पुष्टि करने वाला कोई तथ्य सामने नहीं आया है और दावों की सत्यता जांची जा रही है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ने की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर हालात नियंत्रित करने की कोशिश की। फिलहाल जांच का मुख्य फोकस सोशल मीडिया पर वायरल हुए संदेश के स्रोत और उसमें किए गए दावों की सच्चाई पता करने पर है।
Comments (0)