गोकशी की घटना के बाद पीपलसाना में चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में लगी गोली

मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के मुताबिक, 23 सितंबर को मक्खनगंज गांव के पास गोकशी की घटना सामने आई थी। मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं।

इसी क्रम में 24/25 सितंबर की रात पीपलसाना इलाके के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि बाइक सवारों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को घेराबंदी  पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में इकरार शामिल है, जिसके खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।