ईरान ने नाकेबंदी हटाने, तेल प्रतिबंधों में राहत और युद्धविराम की रखी थी मांग; परमाणु वार्ता फिर शुरू करने की भी पेशकश

ईरान ने अमेरिका के सामने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सात दिन में खोलने का प्रस्ताव रखा था। इसके बदले तेहरान ने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाने, ईरानी तेल की बिक्री पर प्रतिबंधों में राहत और सात दिन के युद्धविराम की शर्त रखी थी। प्रस्ताव में लेबनान को भी युद्धविराम में शामिल करने की बात कही गई थी।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान एक निजी बैठक में इस प्रस्ताव की जानकारी दी। बताया गया कि प्रस्ताव मध्यस्थों के जरिए अमेरिका तक पहुंचाया गया। इसके तहत ईरान ने कम से कम 12 अरब डॉलर की फ्रीज विदेशी संपत्तियां जारी करने की मांग भी रखी थी।

प्रस्ताव के मुताबिक, अमेरिकी शर्तें स्वीकार करने के अगले दिन से सात दिन की समयसीमा शुरू होती और सातवें दिन ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के साथ परमाणु वार्ता दोबारा शुरू करता।

हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि ट्रंप ने अपने सहयोगियों से नवंबर के मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान पर दोबारा हमले की संभावना की बात कही है।