राहुल गांधी की मांग के बाद सड़कों पर उतरी कांग्रेस, पटना-लखनऊ से जम्मू और गुवाहाटी तक प्रदर्शन; कई जगह पुलिस ने रोका, नेता हिरासत में

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को देशभर में दिखाई दिया। दिल्ली, पटना, लखनऊ, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़ और गुवाहाटी समेत कई राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के कार्यालयों की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो’ जैसे नारे लगाए।

पटना में प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जबकि गुवाहाटी में असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। गुवाहाटी में प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे।

लखनऊ में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी बारिश के बीच प्रदर्शन किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च रोक दिया और कई नेताओं को हिरासत में लिया। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ कानूनी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि जब तक CEC को पद से हटाया नहीं जाता, उसका आंदोलन जारी रहेगा।

इस बीच, CJP ने भी ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे में इस्तीफा देने का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर देशभर में आंदोलन और दिल्ली में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।