राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर RSS का पहला रिएक्शन, कहा- राम भक्तों की भावना को आघात पहुंचा
राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर RSS ने कड़ा बयान जारी करते हुए इस पूरी घटना को घोर निंदनीय बताया है। आरएसएस ने राम मंदिर में चोरी करने वालों के लिए कड़ी सजा की मांग की है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का बड़ा बयान सामने आया है। खुद आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इस पूरे विवाद पर आधिकारिक तौर पर पक्ष रखा। होसबाले ने कहा कि राम मंदिर में चोरी दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे रामभक्तों की भावना को आघात पहुंचा है। SIT जांच का हम स्वागत करते हैं। इस मामले में जो भी दोषी हो, उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर प्रबंधन और सरकार से व्यवस्था की सभी कमियों को तुरंत दूर करने की मांग भी की है।
दत्तात्रेय होसबाले ने कहा, ''श्री राम जन्मभूमि पर बना भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष, करोड़ों राम भक्तों के समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यही वजह है कि यह मंदिर पूरे हिंदू समाज की आस्था, श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में अयोध्या स्थित श्री रामलला मंदिर के दान पात्रों में जमा धनराशि की चोरी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।'' आरएसएस ने कहा कि इस घटना से पूरे समाज और राम भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। इसलिए इस मामले को सामान्य अपराध की तरह नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े गंभीर विषय के रूप में देखा जाना चाहिए।
Comments (0)