इटौंजा। इटौंजा थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने चार दिन के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजनों ने थाना इटौंजा में शिकायत दर्ज कराई थी कि शौच के लिए गई करीब 70 वर्षीय महिला के साथ एक अज्ञात व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कराया, चिकित्सीय परीक्षण कराया तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने लगातार जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से शनिवार को सीएचसी क्रॉसिंग, इटौंजा के पास से आरोपी संजय उर्फ छंगा (30 वर्ष) पुत्र परमेश्वर, निवासी ग्राम कुण्डापुर, थाना इटौंजा, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। आरोपी पेशे से ड्राइवर बताया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी अन्य थानों और जनपदों से जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक साक्ष्य संकलित कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है तथा प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments (0)