बीकेटी (लखनऊ)। “एक पेड़ मां के नाम” महा अभियान के अंतर्गत बक्शी का तालाब इंटर कॉलेज के प्रांगण में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उद्यान विभाग उत्तर प्रदेश शासन के निदेशक डॉ. बीपी राम, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. डीपी सिंह, वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक दिलीप कुमार, प्रभारी उद्यान बीकेटी रमेश यादव सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार बाजपेई, पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. केके शुक्ला, डॉ. राजेश मिश्रा, पन्नालाल गुप्ता, अनिल कुमार गौतम, हरिश्चंद्र सिंह, रामजी यादव, अजय कुमार, चंद्रभानु गुप्त कृषि महाविद्यालय के डॉ. जसकरन, डॉ. हृदय नारायण तिवारी, रणजीत सिंह, प्रेम बाबू चौरसिया समेत विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
सभी ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए गए, ताकि पौधों का बेहतर संरक्षण हो सके।
चंद्रभानु गुप्त कृषि महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बक्शी का तालाब इंटर कॉलेज में देशी आम, नीम, महुआ, कैथा, बेल, चिलवल, बालम खीरा, सहजन और अमरूद सहित कुल 51 पौधे रोपित किए गए। इसके अलावा चंद्रभानु गुप्त कृषि महाविद्यालय के हाजीपुर कृषि फार्म पर भी 100 से अधिक पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया। अधिकारियों और शिक्षकों ने कहा कि पौधे केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का आधार हैं। सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई।
Comments (0)