बीकेटी (लखनऊ)। एस.आर. ग्लोबल स्कूल में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से इन्वेस्टिचर सेरेमनी (अलंकरण समारोह) का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नव-निर्वाचित स्टूडेंट काउंसिल के 46 छात्र-छात्राओं को विभिन्न पदों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल डॉ. दिनेश कुमार पाठक, कमांडिंग ऑफिसर, 19 यूपी गर्ल्स बटालियन रहे। विशिष्ट अतिथि GCI ज्योत्सना जोशी, कैडेट इंस्ट्रक्टर, 19 यूपी गर्ल्स बटालियन तथा एस.आर. ग्रुप के चेयरमैन एवं विधान परिषद सदस्य, सीतापुर पवन सिंह चौहान की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को विद्यालय के अनुशासन, शैक्षणिक गतिविधियों, खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं छात्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी दी गई। वरिष्ठ वर्ग में हेड बॉय दिव्यांश शुक्ला एवं हेड गर्ल रिद्धि शुक्ला सहित वाइस हेड बॉय, वाइस हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन, कल्चरल सेक्रेटरी, डिसिप्लिन कमेटी सदस्य तथा विभिन्न हाउस के कैप्टन एवं वाइस कैप्टन नियुक्त किए गए।
करेज, हार्मनी, विजडम एवं यूनिटी हाउस के छात्र-छात्राओं को भी हाउस कैप्टन एवं वाइस कैप्टन की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं जूनियर वर्ग में हेड बॉय, हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन, कल्चरल कैप्टन तथा विभिन्न हाउस के कैप्टन नियुक्त किए गए।
मुख्य अतिथि कर्नल डॉ. दिनेश कुमार पाठक ने विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और जिम्मेदारी का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं है, बल्कि अपने कार्यों और आचरण से दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी है।
GCI ज्योत्सना जोशी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, टीम भावना एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। चेयरमैन पवन सिंह चौहान ने नव-निर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने सभी नव-नियुक्त छात्र परिषद सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Comments (0)