मिर्जापुर। हलिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब छह बजे सूअर के बच्चे से बाइक टकरा जाने के कारण मां-बेटा सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी प्रियंका दुबे के सिर और कान में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनके कान से रक्तस्राव होने लगा।

जानकारी के अनुसार, बेटा अपनी मां को बाइक से लेकर ड्रमंडगंज जा रहा था। सेवटी नदी पुल पार करने के बाद सेमरा कला के पास अचानक सामने आए सूअर के बच्चे से बाइक टकरा गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे हरीशंकर सिंह पटेल, सुधीर कुशवाहा तथा अन्य स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की और महिला को चारपाई पर लिटाकर प्राथमिक उपचार का प्रयास किया। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों द्वारा घायल महिला का उपचार किया जा रहा है।
Comments (0)