प्रयागराज। तहसील हंडिया के अंतर्गत जंघई बाजार में बुधवार को साप्ताहिक बंदी का दिन जिलाधिकारी द्वारा निर्धारित है, लेकिन इन दिनों इस आदेश का पालन नहीं हो रहा है। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि पहले जंघई चौकी पुलिस बुधवार को साप्ताहिक बंदी का कड़ाई से पालन कराती थी, जबकि अब पुलिस विभाग इसे श्रम विभाग का विषय बताकर पल्ला झाड़ रहा है। वहीं, श्रम विभाग पर भी आदेश का प्रभावी ढंग से पालन न कराने का आरोप लगाया जा रहा है। विश्व हिन्दू परिषद के नगर अध्यक्ष विक्की जायसवाल और अमित जायसवाल ने बताया कि इस संबंध में कई बार हंडिया के श्रम अधिकारी से शिकायत की गई। अधिकारियों ने जल्द जंघई बाजार पहुंचकर बुधवार की साप्ताहिक बंदी लागू कराने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उनका कहना है कि यदि साप्ताहिक बंदी का पालन कराया जाए तो व्यापारियों को सप्ताह में एक दिन राहत मिलेगी और वे आवश्यक व्यापारिक कार्यों व खरीदारी के लिए शहर जा सकेंगे। विक्की जायसवाल ने इस समाचार पत्र के माध्यम से श्रम विभाग के अधिकारियों से जंघई बाजार में बुधवार की साप्ताहिक बंदी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।