जंघई (प्रयागराज)। विकास खंड प्रतापपुर अंतर्गत सरायममरेज से साथर होते हुए लुटई का पूरा तक लगभग पांच किलोमीटर लंबी काली सड़क वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिला पंचायत प्रयागराज द्वारा कई वर्ष पहले इस सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन उसके बाद आज तक इसकी दोबारा मरम्मत नहीं कराई गई। मरम्मत के अभाव में सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे राहगीरों, स्कूली छात्रों और ग्रामीणों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
साथर गांव निवासी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर उन्होंने पूर्व में भदोही के सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद को प्रार्थना पत्र दिया था। इस पर सांसद ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी। इसके अलावा ग्रामीणों ने भी जिला पंचायत प्रयागराज में कई बार प्रार्थना पत्र देकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत ने 26 सितंबर 2025 को मामले को लोक निर्माण विभाग, प्रयागराज निर्माण खंड-3 को हस्तांतरित कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद आज तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से कई गांवों के लोग आवागमन करते हैं। इसी सड़क पर स्कूल, कॉलेज तथा बिजली विभाग का उपखंड कार्यालय भी स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना रहता है। कई ग्रामीण मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
वहीं, लोक निर्माण विभाग प्रयागराज निर्माण खंड-3 के सहायक अभियंता मोहित राठौर ने बताया कि संबंधित सड़क लोक निर्माण विभाग के अधीन नहीं है, बल्कि यह जिला पंचायत प्रयागराज की सड़क है। उन्होंने कहा कि जब इस सड़क का औपचारिक हस्तांतरण शासन स्तर से लोक निर्माण विभाग को कर दिया जाएगा, तब विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
राजेश कुमार गुप्ता ने समाचार पत्र के माध्यम से शासन और प्रशासन से सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान राजीव गुप्ता, गोरखनाथ, सुरेश गुप्ता, रामसिंह पटेल, मोहम्मद जाहिर, कुंवर सिंह पटेल, प्रेमचंद, ज्ञानचंद, उमेश पटेल, रतन भारतीय, राम श्रजन, मोहम्मद फैजल, सोनू बिंद, सुनील गौतम, अरविंद पटेल, कमला शंकर यादव, योगेंद्र पाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
Comments (0)