वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार शाम कमिश्नरी आडिटोरियम कचहरी में एक भव्य सम्मान समारोह एवं अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया। 388 उत्तर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के उत्कृष्ट कार्यों के लिए सभी विधायकों, पार्षदों, मंडल अध्यक्षों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया एवं प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी ने विशेष रूप से उपस्थित हुए और रवीन्द्र जायसवाल ने स्वागत एवं अभिनंदन किया।
रवीन्द्र जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि "भाजपा संगठन का कार्य करने का मतलब देश व राष्ट्रहित में कार्य करना है।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करते हुए उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए पूरे मनोबल के साथ कार्य करें। उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने, हर बूथ तक पहुंच बनाने और जनसेवा के माध्यम से जनता का विश्वास जीतने पर जोर दिया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, आयुष जायसवाल, उत्तरी विधानसभा संयोजक अरविंद सिंह, डीसीएफ चेयरमैन राकेश सिंह अलगू, कमलेश झा, डॉ. रचना अग्रवाल, विभिन्न मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण, संगठन पदाधिकारी और देवतुल्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी को फूल माला, शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा और उन्होंने 2027 के चुनावी लक्ष्य को लेकर मजबूत संकल्प लिया। यह कार्यक्रम भाजपा की संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर पार्टी की सक्रियता को दर्शाता है।
Comments (0)