वाराणसी। ब्रेथ ईजी चेस्ट फाउंडेशन फॉर ह्यूमैनिटी, ब्रेथ ईजी टीबी, चेस्ट एवं एलर्जी केयर हॉस्पिटल (अस्सी, वाराणसी) तथा इंडियन चेस्ट सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में 5 जुलाई 2026 (रविवार) को होटल रिवातास, वाराणसी में गंभीर श्वास रोगों पर राष्ट्रीय चिकित्सीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल से प्रमाणित इस संगोष्ठी में देश के प्रतिष्ठित श्वास रोग विशेषज्ञ वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रही गंभीर श्वास संबंधी बीमारियों, दमा, टीबी, एलर्जी तथा आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।

संगोष्ठी में पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद (एरा मेडिकल कॉलेज, लखनऊ), डॉ. जे. सी. सूरी (जेसीएस इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली), डॉ. सूर्यकांत त्रिपाठी (केजीएमयू, लखनऊ), डॉ. राजाधर (सीएमआरआई, कोलकाता), डॉ. एस. के. पाठक (ब्रेथ ईजी हॉस्पिटल, वाराणसी), डॉ. आशीष टंडन (प्रयागराज) तथा एसजीपीजीआई, लखनऊ के डॉ. आलोक नाथ सहित देश के अनेक वरिष्ठ पल्मोनोलॉजिस्ट अपने विचार एवं शोध प्रस्तुत करेंगे।

आयोजकों के अनुसार संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य गंभीर श्वास रोगियों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए नवीनतम चिकित्सीय जानकारी और आधुनिक उपचार पद्धतियों को चिकित्सकों एवं मरीजों तक पहुंचाना है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ब्रेथ ईजी चेस्ट फाउंडेशन फॉर ह्यूमैनिटी की ओर से फेसबुक लाइव और यूट्यूब के माध्यम से भी किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के लोग इसे देख सकेंगे तथा विषय विशेषज्ञों से संबंधित प्रश्न भी पूछ सकेंगे।

आयोजकों का अनुमान है कि इस मेडिकल कांफ्रेंस में पूर्वांचल सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से 10 हजार से अधिक चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञ ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में सायं 4:30 बजे पहुंचकर समाचार एवं छायाचित्र संकलित करने का अनुरोध किया गया है।