वाराणसी। काशी के ऐतिहासिक और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र दालमंडी के कायाकल्प की दिशा में रविवार को बड़ा कदम उठाया गया। लंबे समय से प्रस्तावित दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत सड़क निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पूजन-अर्चन के बाद प्रतीकात्मक रूप से कुल्हाड़ी चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान दालमंडी की मुख्य सड़क पर पहली बार औपचारिक रूप से गणेश वंदना का आयोजन किया गया। इसके बाद पूरा इलाका बाबा विश्वनाथ के जयकारों और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा। कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
25 करोड़ रुपये से बनेगी 650 मीटर लंबी सड़क
दालमंडी पुनर्विकास परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगस्त 2025 में रखी थी। करीब 215 करोड़ रुपये की कुल परियोजना के तहत पहले चरण में 25 करोड़ रुपये की लागत से 650 मीटर लंबी और 17.5 मीटर चौड़ी आधुनिक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार सड़क निर्माण की राह में आने वाले अधिकांश भवनों और अन्य ढांचों को हटाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। अब तक 181 भवनों और छह धार्मिक स्थलों को हटाया गया है। प्रभावित भवन स्वामियों को मुआवजे के रूप में करीब 109 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है।
चौड़े फुटपाथ से राहगीरों को मिलेगी राहत
नई सड़क को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। सड़क के दोनों किनारों पर चौड़े फुटपाथ और पाथ-वे बनाए जाएंगे। इससे दालमंडी में खरीदारी और कारोबार के लिए आने वाले लोगों को पैदल आवागमन में सुविधा मिलेगी। वर्तमान में संकरी सड़क और भीड़ के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
भूमिगत होंगी बिजली, पानी और सीवर की लाइनें
दालमंडी सड़क निर्माण परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यहां की नागरिक सुविधाओं को भूमिगत किया जाना है। बिजली, पेयजल, सीवर, ड्रेनेज और वाई-फाई/टेलीकॉम से जुड़ी लाइनें अंडरग्राउंड डक्ट के जरिए बिछाई जाएंगी। इससे सड़क के ऊपर फैले बिजली और इंटरनेट के तारों के जाल से निजात मिलने की उम्मीद है। साथ ही भविष्य में मरम्मत के नाम पर बार-बार सड़क खोदने की समस्या भी कम होगी। सड़क के आसपास हरियाली विकसित करने की भी योजना है, जिससे क्षेत्र को आधुनिक और व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा।
नवंबर 2026 तक पूरा होगा निर्माण
प्रशासन ने दालमंडी सड़क निर्माण कार्य को नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। निर्माण शुरू होने के बाद स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में उत्साह है। व्यापारियों का मानना है कि सड़क चौड़ी होने से लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या कम होगी और ग्राहकों के लिए आवागमन आसान होगा।
दालमंडी का कायाकल्प पूरा होने के बाद यह क्षेत्र न केवल व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से अधिक सुविधाजनक होगा, बल्कि काशी के आधुनिक और विकसित शहरी स्वरूप को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
Comments (0)