70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट के कुंभकर्ण और 60 फीट के मेघनाद का हुआ दहन, भव्य रामलीला ने मोहा मन
वाराणसी, 20 अक्टूबर। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व पारंपरिक उल्लास, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। बरेका खेलकूद स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में रामलीला के सजीव मंचन के बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने समारोह की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बरेका महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भगवान श्रीराम, माता जानकी और भगवान लक्ष्मण की आरती कर किया। महाप्रबंधक ने उपस्थित लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के स्वस्थ, सुखी और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म तथा अहंकार पर विनम्रता की विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी से पर्व के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
श्री एस. डी. सिंह के निर्देशन में प्रस्तुत रूपक रामलीला में राम वनगमन, सीता हरण, वानरों द्वारा माता सीता की खोज, लंका दहन, हनुमान जी की वापसी और विभीषण की शरणागति जैसे प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। इसके साथ ही अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, कुंभकर्ण एवं मेघनाद वध, सुलोचना विलाप और राम-रावण युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। अंत में विभीषण द्वारा रावण की मृत्यु का रहस्य बताए जाने और भगवान श्रीराम के हाथों रावण वध के साथ रामलीला का समापन हुआ।
रामलीला के समापन के बाद आकर्षक आतिशबाजी के बीच 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और 60 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। पुतलों के धू-धू कर जलते ही उपस्थित जनसमूह ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। उत्साह, उमंग और उल्लास से भरे माहौल में लोगों ने विजयादशमी का पर्व मनाया।
समारोह में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य, विजयादशमी समिति के अध्यक्ष एवं मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) श्री राम जन्म चौबे, जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार, समिति के महामंत्री श्री अनूप सिंह वत्स सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, समिति के सदस्य, कर्मचारी परिषद के श्री नवीन कुमार सिन्हा एवं श्री सुशील कुमार सिंह, बरेका के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Comments (0)