पूर्वी यूपी में 25-26 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी, आंधी-बिजली को लेकर भी अलर्ट

लखनऊ। बंगाल की खाड़ी से उठे गहरे दबाव के क्षेत्र का असर अब देश के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है। तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा से आगे बढ़े इस मौसम तंत्र के कारण कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।

IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि 27 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 25 से 27 सितंबर के दौरान भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

आंध्र-ओडिशा में दिखा सिस्टम का असर

बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन 23-24 सितंबर की रात उत्तरी आंध्र प्रदेश के पास कलिंगपट्टनम के करीब तट को पार कर चुका है। इसके दौरान 55-65 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चलीं और कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचे। तट पार करने के बाद सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर हुआ, लेकिन इसका बारिश वाला असर बना हुआ है।

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 25 सितंबर को भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी है।

यूपी में अगले तीन दिन मौसम रहेगा सक्रिय

पूर्वी यूपी में 25-26 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी के चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश के साथ बिजली गिरने और आंधी की स्थिति भी बन सकती है। 27 सितंबर को भी कई इलाकों में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बीच लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों से बचने की सलाह दी गई है।