एशियन गेम्स के सातवें दिन भारत का दमदार प्रदर्शन, 17 मेडल के बाद पदकों की संख्या बढ़ाने पर नजर

आइची-नागोया। एशियन गेम्स 2026 के सातवें दिन भारत ने अपने मेडल अभियान को आगे बढ़ाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। टेबल टेनिस में भारतीय टीम ने ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया है। वहीं शूटिंग में कमलजीत और सुरुचि की भारतीय जोड़ी ने मिक्स्ड टीम 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में जगह बना ली है।

मिक्स्ड टीम 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन में भारतीय जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 587 अंक हासिल किए और शीर्ष स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया। भारतीय निशानेबाजों ने तीन सीरीज में क्रमशः 196, 195 और 196 अंक बनाए।

भारतीय जोड़ी का कुल स्कोर वर्ल्ड रिकॉर्ड से महज चार अंक कम रहा। पिछले दो दिनों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले भारतीय शूटर्स के लिए यह प्रदर्शन शानदार वापसी के तौर पर सामने आया है।

फाइनल में भारत के अलावा ईरान, दक्षिण कोरिया और इंडोनेशिया की जोड़ियां भी पहुंची हैं। खास बात यह है कि क्वालिफिकेशन में हासिल किए गए अंक फाइनल में नहीं जुड़ेंगे। यानी चारों जोड़ियां फाइनल में शून्य से शुरुआत करेंगी और हर शॉट पदक की दौड़ में अहम होगा।

कबड्डी और एथलेटिक्स पर भी नजर

एशियन गेम्स के सातवें दिन कबड्डी में भी भारत के लिए अहम मुकाबले हैं। पुरुष और महिला दोनों टीमें सेमीफाइनल में उतरेंगी और फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेंगी।

एथलेटिक्स में महिला शॉट पुट, पोल वॉल्ट, पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ और हैमर थ्रो जैसी स्पर्धाओं पर भारतीय प्रशंसकों की नजर रहेगी।

17 मेडल जीत चुका भारत अब सातवें दिन अपनी पदक संख्या बढ़ाने के इरादे से मैदान में है। शूटिंग, टेबल टेनिस, कबड्डी और एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन से पदक तालिका में और इजाफे की उम्मीद है।