अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात, व्यापार से लेकर AI और सुरक्षा तक अहम मुद्दों पर चर्चा 

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में मुलाकात की। शी जिनपिंग ने कहा कि वह ट्रंप के साथ मिलकर चीन-अमेरिका संबंधों के ‘विशाल जहाज’ को स्थिर भविष्य की दिशा में आगे ले जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच संवाद बढ़ाने और सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया।

शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और अमेरिका को ईमानदारी के साथ सहयोग करना चाहिए और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के हित आपस में गहराई से जुड़े हैं और कई क्षेत्रों में सहयोग की पर्याप्त गुंजाइश है।

ट्रंप ने बताया ‘बेहतरीन दोस्ती’

व्हाइट हाउस में शी जिनपिंग का स्वागत करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों नेताओं के बीच संबंधों को ‘बेहतरीन दोस्ती’ बताया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच अधिक संतुलित व्यापार संबंध बनाने की दिशा में काम हो रहा है।

ट्रंप ने कहा कि दोनों देश सुरक्षा, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उनके मुताबिक, इन क्षेत्रों में लिए जाने वाले फैसले आने वाले दशकों में शांति और समृद्धि को प्रभावित कर सकते हैं।

AI और तकनीक पर भी सहयोग की बात

शी जिनपिंग ने भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को सहयोग का अहम क्षेत्र बताया। उन्होंने कहा कि चीन और अमेरिका दोनों AI के क्षेत्र में अग्रणी हैं और दोनों देशों के पास इसे मानव हित में विकसित करने और नियंत्रित करने की क्षमता और जिम्मेदारी है।

दोनों नेताओं की बैठक ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, तकनीक, सुरक्षा और अन्य रणनीतिक मुद्दों को लेकर मतभेद बने हुए हैं। बैठक में इन मतभेदों के बीच संवाद और स्थिरता बनाए रखने पर जोर दिखाई दिया।