इलाज के बाद सभी को BGB के हवाले किया गया, 30 दिन के नवजात की हालत स्थिर
मालदा। पश्चिम बंगाल के मालदा सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सतर्क जवानों ने गंगा नदी में नाव पलटने के बाद डूबने का खतरा झेल रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया। बचाए गए लोगों में तीन बच्चे, तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। इनमें 30 दिन का एक नवजात शिशु भी था, जिसकी हालत गंभीर बताई गई थी।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार शाम बॉर्डर आउट पोस्ट खंडुआ के पास हुई। ड्यूटी पर तैनात BSF जवानों ने देखा कि तेज लहरों के बीच कई लोग संघर्ष कर रहे हैं और उनके डूबने का खतरा बना हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवानों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और स्पीड बोट के जरिए घटनास्थल पर पहुंचे।
बचाव अभियान के दौरान सभी 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में मिले नवजात शिशु को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया और इसके बाद पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर और सामान्य बताई जा रही है।
यह बचाव अभियान BSF के मालदा सेक्टर की 71वीं बटालियन के जवानों ने चलाया। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 10 बांग्लादेशी नागरिकों को 53 बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवानों को सुरक्षित सौंप दिया गया।
Comments (0)