अमोल मजूमदार बोले- हम इस फैसले के साथ खड़े हैं, अब टीम का ध्यान एशियन गेम्स पर
नई दिल्ली। विमेंस एशिया कप 2026 का फाइनल भारत की शानदार जीत के साथ समाप्त हुआ, लेकिन खिताबी मुकाबले के बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। चैंपियन बनने के बावजूद भारतीय महिला टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं ली। इस मामले पर अब टीम इंडिया के हेड कोच अमोल मजूमदार ने प्रतिक्रिया दी है।
अमोल मजूमदार ने स्पष्ट किया कि ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का था और पूरी टीम इस फैसले के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, “यह फैसला BCCI ने लिया है और हम इसके साथ खड़े हैं। हमारे लिए यह टूर्नामेंट खत्म हो चुका है। हम चैंपियन हैं और यही हमारे लिए काफी है।”
कोच ने आगे कहा कि भारत को एशिया कप 2026 का चैंपियन घोषित किया गया है और टीम के लिए यही सबसे महत्वपूर्ण बात है। उन्होंने बताया कि अब भारतीय टीम का ध्यान आगामी एशियन गेम्स पर है।
मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने नहीं पहुंची भारतीय टीम
फाइनल के बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन के दौरान भारतीय खिलाड़ी मंच पर नजर नहीं आए। प्रसारण में भी भारतीय टीम के ट्रॉफी उठाकर जश्न मनाने का दृश्य दिखाई नहीं दिया। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैच के बाद ब्रॉडकास्टर्स को इंटरव्यू दिया, लेकिन वह श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू की तरह प्रेजेंटेशन सेरेमनी में शामिल होने के लिए आगे नहीं आईं।
आमतौर पर खिताबी जीत के बाद टीम को ट्रॉफी के साथ जश्न मनाते हुए देखा जाता है, लेकिन इस बार प्रेजेंटेशन को लेकर भारतीय टीम का रुख अलग रहा।
मेंस एशिया कप 2025 के विवाद की याद ताजा
इस घटना ने मेंस एशिया कप 2025 के फाइनल के बाद हुए विवाद की यादें ताजा कर दीं। उस मुकाबले में भारत ने तिलक वर्मा की शानदार पारी की बदौलत पाकिस्तान को हराया था। इसके बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन में करीब 90 मिनट की देरी हुई थी। बाद में ट्रॉफी को मंच से हटाकर ले जाया गया था।
महिला एशिया कप 2026 के फाइनल के बाद भी ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर सामने आए घटनाक्रम ने क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है।
Comments (0)