चन्दौली। वांछित एवं शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली। बुधवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजू मुसहर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, सैयदराजा थाना क्षेत्र के समइया पट्टीदारी के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि बिहार के कैमूर जिले के नुआंव थाना क्षेत्र स्थित सतोपती गांव निवासी राजू मुसहर चन्दौली आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दी।
पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या-डकैती के मामले में था वांछित
राजू मुसहर 15 दिसंबर 2025 को सैयदराजा थाना क्षेत्र के तिनधुआं गांव में हुई हत्या और डकैती के मामले में वांछित था। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल सात आरोपियों में पांच को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि राजू मुसहर समेत दो आरोपी फरार चल रहे थे। राजू पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
तमंचा और कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस मोटरसाइकिल के संबंध में भी जांच कर रही है कि वह चोरी की है या आरोपी की अपनी है।
पुलिस के अनुसार, राजू मुसहर के खिलाफ सैयदराजा, कन्दवा, पड़री, लालपुर-पाण्डेयपुर और बबुरी थानों में चोरी, बरामदगी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा, हेड कांस्टेबल विरेश कुमार, कांस्टेबल बृजेश कुमार व शंकर राम तथा स्वाट/सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, अतुल प्रजापति समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Comments (0)