बीकेटी (लखनऊ)। कठवारा स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चंद्रिका देवी मंदिर में बुधवार को समाजसेवी, जिला पंचायत सदस्य लखनऊ एवं भाजपा लखनऊ के सह-जिला मंत्री (कार्यालय) अमरेंद्र भारद्वाज ने पहुंचकर मां भगवती के दर्शन किए।उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों के सुख,शांति एवं समृद्धि की कामना की।मंदिर पहुंचने के बाद अमरेंद्र भारद्वाज ने मां के समक्ष माथा टेककर पूजन-अर्चन किया। उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की और कुछ समय मंदिर परिसर में बिताया।

उन्होंने कहा कि मां चंद्रिका देवी के शक्तिपीठ से श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी है।यहां पहुंचकर मन को शांति मिलने के साथ सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराएं समाज को जोड़ने का काम करती हैं।मां चंद्रिका देवी के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था इस पवित्र स्थल को विशेष बनाती है।उन्होंने मां से क्षेत्र में सुख-शांति,आपसी सौहार्द और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।अमरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से भी अमरेंद्र भारद्वाज ने बातचीत की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा,सामाजिक सौहार्द और एक-दूसरे के सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील की। कहा जाता है कि जो भी भक्त सच्चे मन से मां चन्द्रिका देवी दरबार में आता है माता रानी उसकी मनोकामना पूरी करती हैं।