हरदोई। कस्बे में संचालित टैक्सी स्टैंडों से अवैध वसूली किए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी शाहाबाद आलोक राज नारायण ने सोमवार की शाम खुद मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने बिना किसी पुलिस वाहन और बिना वर्दी के सामान्य व्यक्ति की तरह बाइक से अल्लाहपुर तिराहा स्थित टैक्सी स्टैंड पर पहुंचकर करीब 20 मिनट तक पूरे घटनाक्रम पर चुपचाप नजर रखी। जब उन्हें यह स्पष्ट हो गया कि दो युवक टेंपो चालकों से कथित रूप से अवैध वसूली कर रहे हैं, तो उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाकर दोनों को रंगेहाथ पकड़वा दिया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवकों की पहचान अल्लाहपुर निवासी सतीश राठौर तथा पाली निवासी विनोद सिंह के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उनके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने या वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से जबरन धन उगाही करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध वसूली, गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने आम जनता और वाहन चालकों से भी अपील की कि यदि कहीं भी टैक्सी स्टैंड, बाजार या किसी अन्य स्थान पर अवैध वसूली की जा रही हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध समय रहते कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। एएसपी की इस कार्रवाई से टैक्सी चालकों और स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है, वहीं अवैध वसूली करने वालों में हड़कंप मच गया।
Comments (0)