चंदौली। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने विन्ध्य एक्सप्रेस-वे के लिए प्रस्तावित उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण का विरोध करते हुए सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने किसानों की उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण तत्काल रोकने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। जिलाध्यक्ष दयाशंकर सिंह उर्फ गोपाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि मुढ़वार, मनसैनी, नेगुरा, पिपरपतिया, पड़हा, खड़ानियां, महुड्डा और प्रतापपुर सहित कई गांवों की उपजाऊ कृषि भूमि को विन्ध्य एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित करने की प्रक्रिया चल रही है। किसानों का कहना है कि खेती ही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है। ऐसे में उपजाऊ जमीन अधिग्रहित होने से बड़ी संख्या में किसान भूमिहीन हो जाएंगे और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। किसान यूनियन ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण रोका जाए तथा किसानों की सहमति और उनके भविष्य को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाए।संगठन ने कहा कि यदि किसानों की मांगों की अनदेखी की गई तो भारतीय किसान यूनियन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप तिवारी, मंडल सचिव विभूति नारायण तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह (एडवोकेट), ब्लॉक उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह, कमलेश देवी, अखिलेश लाल यादव, सुरेंद्र यादव, विजय नारायण यादव, राजेश कुमार चौहान, नौबता सिंह, मुन्ना यादव, रामअवध यादव, परशुराम, आनंद कुमार यादव, निर्मल यादव, भगवान राम, सुरेंद्र राम सहित भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के अनेक पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।