वाराणसी। शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने जाल्हूपुर समिति का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एडीओ सहकारिता दिलीप कुमार सोनकर तथा सचिव रवि यादव ने बुके देकर कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री समिति की उर्वरक वितरण व्यवस्था से संतुष्ट दिखे। मौके पर उपस्थित किसानों ने खाद वितरण की स्थिति को ठीक बताया। एडीओ दिलीप कुमार सोनकर ने मंत्री को ब्लॉक में उर्वरक की उपलब्धता और आवंटन की जानकारी देते हुए बताया कि ब्लॉक की समस्त पैक्स में पर्याप्त उर्वरक स्टॉक मौजूद है।
इस दौरान जमा किसानों ने मंत्री से समिति को धान क्रय केन्द्र न बनाये जाने की शिकायत की और कहा कि इससे स्थानीय किसानों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। मंत्री इस सूचना से अत्यंत नाराज हुए और पीसीएफ के क्षेत्रीय प्रबंधक पुष्पेन्द्र कुशवाहा को फोन पर जमकर लताड़ लगाई। कैबिनेट मंत्री ने चेताया कि उन्हें केन्द्र बनाने के लिये फिर न याद दिलाना पड़े। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के प्रवीण रघुवंशी, समिति के अध्यक्ष विजय यादव व सैकड़ों किसान उपस्थित थे।
Comments (0)