चंदौली। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक हुई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने, व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण में तेजी लाने तथा लंबित ऑनलाइन आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने सामुदायिक शौचालयों के संचालन की समीक्षा करते हुए सभी सहायक विकास अधिकारियों (एडीओ पंचायत) को शौचालयों की दीवारों पर खुलने और बंद होने का समय अनिवार्य रूप से अंकित कराने के निर्देश दिए। साथ ही शौचालयों की देखरेख कर रहे केयरटेकर्स को प्रत्येक माह समय से मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया गया। पूर्व से स्थापित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट को तत्काल संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नियामताबाद ब्लॉक के बहादुरपुर और चन्दौली ब्लॉक के लीलापुर में नई प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित करने के लिए मिशन कार्यालय से शीघ्र प्रस्ताव भेजने को कहा गया।

ओडीएफ प्लस मॉडल गांवों की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सभी एडीओ पंचायत को द्वितीय सत्यापन की शत-प्रतिशत रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मॉडल गांवों के सत्यापन में रुचि नहीं लेने वाले जनपद स्तरीय अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि उनके विरुद्ध कार्यवाई की जा सके।

बैठक में परियोजना निदेशक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला कंसलटेंट, जिला परियोजना प्रबंधक, सभी खण्ड विकास अधिकारी तथा सहायक विकास अधिकारी (एडीओ पंचायत) मौजूद रहे।