चंदौली। जनपद के चहनिया क्षेत्र अंतर्गत मारूफपुर स्थित श्री सती गरीब ब्रह्म मंदिर परिसर में नव निर्मित मृत्युंजय महादेव शिव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चौथे दिन मंगलवार की शाम भव्य मूर्ति नगर भ्रमण निकाला गया। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया तथा हर-हर महादेव के जयघोष से क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया।

नगर भ्रमण से पूर्व काशी से आए कर्मकांडी वेदपाठी ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्तियों का विधिवत पूजन कराया। इसके बाद सुसज्जित रथ पर विराजमान देव प्रतिमाओं को डीजे और बैंड-बाजे के साथ मंदिर परिसर से यात्रा के लिए रवाना किया गया। शोभायात्रा मारूफपुर के पश्चिमी छोर स्थित ढीह बाबा मंदिर, मां काली मंदिर और राम-जानकी बाबा कीनाराम रामशाला पहुंची, जहां पुजारी तिलकधारी शरण महाराज ने पूजन-अर्चन किया। इसके बाद यात्रा मारूफपुर चौराहा होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

पूरे मार्ग में श्रद्धालु भजन-कीर्तन, नृत्य और जयकारों के साथ यात्रा में शामिल रहे। आयोजन समिति ने बताया कि बुधवार को मूर्ति स्थापना, प्राण प्रतिष्ठा, संत सेवा और विशाल भंडारे के साथ पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा।

इस अवसर पर श्रीप्रकाश मिश्रा, उदय शंकर मिश्रा, रामाग्रे मिश्रा, अभयशंकर मिश्रा, दुर्गेश पाण्डेय, पूर्व प्रधान वकील राम शर्मा, कमलेश यादव, बंगाली यादव, शमसेर सिंह, बीडीसी सुभाष यादव, शिवम मिश्रा, आनंद मिश्रा, पप्पू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मौजूद रहे।