वाराणसी। एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में एक और अत्यंत जटिल एवं उच्च जोखिम वाले किडनी ट्रांसप्लांट को सफलतापूर्वक सम्पन्न कर चिकित्सा क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल की गई। सात बच्चों की 53 वर्षीय मां ने अपने 31 वर्षीय बेटे को किडनी दान कर उसे नया जीवन दिया। मरीज गंभीर हृदय रोग, कम पंपिंग क्षमता तथा गंभीर पल्मोनरी आर्टेरियल हाइपरटेंशन जैसी जटिल समस्याओं से पीड़ित था। खराब हृदय स्थिति के कारण अन्य संस्थानों में प्रत्यारोपण की संभावना अस्वीकार कर दी गई थी। इसके बावजूद एपेक्स की ट्रांसप्लांट टीम ने चुनौती स्वीकार करते हुए सफल ऑपरेशन किया।

नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. निवेदिता पंडित, यूरोलॉजिस्ट डॉ. पुनीत कुमार तथा एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक सिंह के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम के समन्वित प्रयास और नर्सिंग सुपरिन्टेंडेंट आनंद के नेतृत्व में उत्कृष्ट नर्सिंग देखभाल के कारण ऑपरेशन एवं उसके बाद की पूरी अवधि सुरक्षित रही।

प्रत्यारोपण के तीसरे दिन मरीज की किडनी सामान्य रूप से कार्य करने लगी, जबकि डोनर भी नेफरेक्टोमी के तीसरे दिन स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गई। एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने ट्रांसप्लांट टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अस्पताल पर पिछले 40 वर्षों से मरीजों के विश्वास, मां के त्याग, चिकित्सा विशेषज्ञता और टीमवर्क का प्रेरणादायक उदाहरण है।