राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार

 वाराणसी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को तहसील सदर स्थित निर्वाचन कार्यालय के वेयरहाउस में रखे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) तथा वीवीपीएटी मशीनों का मासिक निरीक्षण किया। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुए इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने वेयरहाउस के चारों तरफ लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की संख्या और उनकी कार्यक्षमता, कंट्रोल रूम की व्यवस्था, कक्षवार विद्युत आपूर्ति तथा खिड़कियों व रोशनदानों को सुरक्षित रखने के उपायों की बारीकी से जांच की। उन्होंने वेयरहाउस के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से बाहरी सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ईवीएम और वीवीपीएटी वेयरहाउस की सुरक्षा के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सुरक्षा गार्डों की शिफ्टवार तैनाती और वेयरहाउस की अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अवलोकन कर आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर एडीएम (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार, निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।