वाराणसी। एमएलसी चुनाव की मतगणना मंगलवार को पहड़िया स्थित लाल बहादुर शास्त्री नवीन मंडी परिसर में चल रही है, लेकिन यहां की स्थिति ने काशी की जनता और सभी दलों के कार्यकर्ताओं को घबराहट में डाल दिया है। मतगणना स्थल पर कोई आधिकारिक घोषणा या अपडेट नहीं दिया जा रहा है। न तो कितने राउंड की गिनती पूरी हुई, न किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले और न ही मतगणना कहां तक पहुंची इसकी कोई स्पष्ट जानकारी बाहर नहीं आ रही है। प्रत्याशियों के समर्थक, मीडियाकर्मी और यहां तक कि पुलिसकर्मी भी एक-दूसरे से पूछते नजर आ रहे हैं कि “का हो, का स्थिति बा?” लोग बता रहे हैं कि वे हर राउंड की जानकारी फोन के माध्यम से अपने साथियों तक पहुंचाना चाहते थे, लेकिन यहां ‘दिया तले अंधेरा’ वाली स्थिति बनी हुई है।

मतगणना स्थल के आसपास मौजूद समर्थक अपने प्रत्याशियों की स्थिति जानने के लिए इधर-उधर भाग-दौड़ कर रहे हैं, लेकिन कोई ठोस सूचना नहीं मिल पा रही है। आमतौर पर हर मतगणना में एनाउंसमेंट होता है और हर राउंड की जानकारी तुरंत दी जाती है, लेकिन इस बार प्रशासन की रणनीति के आगे भीतर क्या हो रहा है, बाहर कुछ पता नहीं चल रहा। मतगणना के बीच सूचनाओं की भारी कमी से समर्थकों के बीच ऊहापोह और बेचैनी बढ़ती जा रही है। प्रशासन से पूछने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा और लोगों की हताशा साफ नजर आ रही है।