चंदौली। जनपद के धानापुर विकास खंड के शांतिपुर तोरवां स्थित मुसहर बस्ती में शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राकेश मिश्र ने पहुंचकर क्लस्टर विकास योजना की संभावनाओं का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने बस्ती में रहने वाले पात्र परिवारों की स्थिति का जायजा लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं से उन्हें जोड़ने के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ के साथ सहायक विकास अधिकारी (एडीओ), ग्राम सचिव सहित विकास विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बस्ती के प्रत्येक पात्र परिवार का सत्यापन करते हुए आवास, मूलभूत सुविधाओं और अन्य सरकारी योजनाओं की पात्रता का आकलन किया। साथ ही लाभार्थियों की सूची तैयार कर विस्तृत रिपोर्ट भी बनाई गई।

बीडीओ राकेश मिश्र ने कहा कि सरकार की मंशा समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की है। इसी उद्देश्य से मुसहर बस्ती को क्लस्टर के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाओं का आकलन किया जा रहा है, ताकि पात्र परिवारों को आवास, रोजगार, स्वच्छता और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों की सूची और सत्यापन रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि स्वीकृति मिलने के बाद योजनाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक विलंब के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा सके। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।