दाखिल-खारिज रिपोर्ट के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप • एंटी करप्शन टीम ने यूपी कॉलेज गेट के पास की कार्रवाई
वाराणसी। दाखिल-खारिज की रिपोर्ट लगाने के एवज में एक लाख रुपये की कथित रिश्वत लेने के मामले में एंटी करप्शन वाराणसी मंडल की टीम ने मंगलवार को लेखपाल के निजी मुंशी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान लेखपाल कुन्दन सिंह फरार हो गया। टीम उसकी तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुश्तैनी जमीन का नाम चढ़ाने के लिए मांगी गई थी रकम
शिवपुर थाना क्षेत्र के जैपार (उन्दी) निवासी कमल कान्त विक्रम पुत्र ओमप्रकाश सिंह ने 21 सितंबर 2026 को एंटी करप्शन वाराणसी मंडल कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके पिता की पुश्तैनी जमीन के विक्रय से संबंधित दाखिल-खारिज प्रक्रिया में रिपोर्ट लगाने के नाम पर क्षेत्रीय लेखपाल कुन्दन सिंह द्वारा एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
आरोप है कि लेखपाल ने रिश्वत की रकम लेने के लिए अपने निजी मुंशी अशोक कुमार का मोबाइल नंबर शिकायतकर्ता को दिया था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच की और रिश्वत लेते हुए गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया।
यूपी कॉलेज गेट के पास रिश्वत लेते ही दबोचा
22 सितंबर को टीम की निगरानी में शिकायतकर्ता और लेखपाल के बीच फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद अशोक कुमार ने शिकायतकर्ता को यूपी कॉलेज गेट के अंदर स्थित इंडियन बैंक के पास बुलाया। आरोप है कि मुंशी ने दाखिल-खारिज रिपोर्ट के बदले एक लाख रुपये लिए।
रिश्वत की रकम लेते ही एंटी करप्शन टीम ने दोपहर करीब 1:41 बजे अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक लाख रुपये और मोबाइल फोन बरामद किया गया। गिरफ्तार मुंशी अशोक कुमार पुत्र मोहन लाल, शिवदासपुर, मंडुवाडीह का निवासी बताया गया है।
मोबाइल रिकॉर्डिंग से लेखपाल से कनेक्शन की जांच
एंटी करप्शन टीम के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन में लेखपाल कुन्दन सिंह और अशोक कुमार के बीच रिश्वत के लेन-देन से संबंधित बातचीत की रिकॉर्डिंग मिली है। पूछताछ में अशोक ने कथित तौर पर बताया कि लेखपाल ने उसे मामले की जानकारी देकर रिश्वत लेने के लिए भेजा था।
फरार लेखपाल की तलाश, कैंट थाने में मुकदमे की कार्रवाई
कार्रवाई के बाद वांछित लेखपाल कुन्दन सिंह की तलाश तहसील सदर समेत अन्य संभावित स्थानों पर की गई, लेकिन वह नहीं मिला। कुन्दन सिंह वर्तमान में तहसील सदर के सीर गोवर्धनपुर क्षेत्र में तैनात बताया गया है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कैंट, कमिश्नरेट वाराणसी में विधिक कार्रवाई की जा रही है। एंटी करप्शन टीम फरार लेखपाल की तलाश में जुटी है।
Comments (0)