वाराणसी। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेज यूनिवर्सिटी के वाराणसी सिटी कार्यालय का गुरुवार को भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यालय का उद्घाटन कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने कार्यालय का अवलोकन किया और इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पहल बताया। इस अवसर पर सेज यूनिवर्सिटी इंदौर के रीजनल मैनेजर शैलेश पाठक, वाराणसी ब्रांच हेड अवनीश राय सहित शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


इस अवसर पर रीजनल मैनेजर शैलेश पाठक ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड क्षेत्र का दायित्व संभाल रहे हैं। वाराणसी में सिटी कार्यालय खोलने का उद्देश्य उन विद्यार्थियों तक विश्वविद्यालय की सुविधाएं और जानकारी पहुंचाना है, जो भोपाल या इंदौर जाकर प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त नहीं कर पाते। अब वाराणसी और आसपास के जिलों के विद्यार्थी इसी केंद्र पर आकर प्रवेश प्रक्रिया, विभिन्न पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा करियर संबंधी सभी आवश्यक जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।


उन्होंने बताया कि सेज यूनिवर्सिटी इंदौर वर्ष 2017 से तथा भोपाल परिसर वर्ष 2020 से सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। विश्वविद्यालय के चेयरमैन का लक्ष्य सेज यूनिवर्सिटी को देशभर में नई पहचान दिलाना है। इसी सोच के साथ उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में इंफॉर्मेशन सेंटरों का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वाराणसी के विद्यार्थियों और अभिभावकों से अच्छा सहयोग मिलने पर भविष्य में यहां सेज समूह के अन्य शैक्षणिक केंद्रों के विस्तार की भी संभावनाएं बनेंगी।

शैलेश पाठक ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि जो युवा अपने करियर को नई दिशा देना चाहते हैं, वे एक बार सेज यूनिवर्सिटी के वाराणसी सिटी कार्यालय अवश्य आएं और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि एसडीडीई के अंतर्गत आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थी स्कॉलरशिप प्राप्त कर विश्वविद्यालय में प्रवेश का अवसर भी हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह केंद्र पूर्वांचल के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा। साथ उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम के दौरान 11 एडमिशन भी हुए|