चंदौली। महिला कल्याण विभाग की ओर से सोमवार को 'बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत एमसीएच विंग, एसएनसीयू, पीएनसी एवं एलआईसीयू वार्ड में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 20 नवजात बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाते हुए उनके परिजनों को बेबी किट वितरित की गई। कार्यक्रम में अधिकारियों ने बालिकाओं के अभिभावकों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों और महिला कल्याण विभाग की सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पात्र नवजात बालिकाओं का कन्या सुमंगला योजना के तहत आवश्यक अभिलेखों के साथ आवेदन कराकर योजना का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और उनके बेहतर भविष्य के लिए समाज को जागरूक करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम में जिला मिशन कोऑर्डिनेटर रागिनी सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता शिल्पी चौरसिया, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक तथा पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।