बीकेटी (लखनऊ)। संत शिरोमणि रविदास की जन्मस्थली वाराणसी से पवित्र मिट्टी लेकर निकला कलश रथ सोमवार को महोना पहुंचा। कलश रथ के पहुंचने पर श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धाभाव के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न मंदिरों में कलश का पूजन-अर्चन कर पवित्र मिट्टी को उसमें शामिल किया गया।

कलश रथ का सर्वप्रथम ऐतिहासिक पूर्वी देवी मंदिर, महोना में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद रथ असनहा स्थित संत रविदास मंदिर पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर अपनी आस्था व्यक्त की। यात्रा आगे बढ़ते हुए इंदारा स्थित रविदास मंदिर पहुंची, जहां भी पूजन के बाद वहां की पवित्र मिट्टी कलश में शामिल की गई।

कलश यात्रा का समापन दुर्गा देवी मंदिर, उनई में हुआ। यहां माताओं और बहनों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ कलश का स्वागत किया। पूजन-अर्चन के बाद स्थानीय मिट्टी को भी कलश में मिलाया गया और कलश रथ को आगे के लिए रवाना किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में माताएं, बहनें, श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा अतुल मिश्रा, क्षेत्रीय महामंत्री भाजयुमो निखिल तिवारी, मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह, जिला प्रतिनिधि राधेश्याम गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष मनोज रावत, मंडल मीडिया प्रभारी विकास रावत, सभासद राज लोधी, दिलीप शुक्ला, राम सहारे पाल, रामू रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।