वाराणसी। जनसेवा को राजनीति का मूल उद्देश्य मानते हुए वाराणसी कैण्ट विधानसभा के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने गुरुवार को अपने जनसंपर्क अभियान ‘आपका विधायक – आपके द्वार’ के अंतर्गत लोको छित्तूपुर, जड्डूमंडी और मीरबाग में व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर पहुँचकर स्थानीय नागरिकों से आत्मीय संवाद स्थापित किया, उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। जनसंपर्क अभियान के दौरान विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी आवश्यकताओं और अपेक्षाओं की जानकारी ली।
उन्होंने सड़क, जलनिकासी, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक सुविधाओं तथा अन्य स्थानीय समस्याओं पर नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान का भरोसा दिलाया।क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। अनेक स्थानों पर पुष्पमालाओं एवं पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया गया। नागरिकों ने विधायक की सहज उपलब्धता, संवेदनशील कार्यशैली तथा नियमित जनसंपर्क की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का स्वयं घर-घर पहुँचकर जनता की समस्याएँ सुनना लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाता है।विधायक ने इस अवसर पर केंद्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से उनका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की प्रत्येक योजना का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुँचे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों को लेकर सुझाव भी आमंत्रित किए और कहा कि जनता की सहभागिता से ही विकास की योजनाएँ अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनती हैं।
इस अवसर पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि,जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सतत संवाद लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। 'आपका विधायक – आपके द्वार' अभियान केवल जनसंपर्क का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, सहभागिता और जवाबदेही को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री आदरणीय योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास, सुशासन और सेवा की जो कार्यसंस्कृति स्थापित हुई है, उसे धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना हमारी जिम्मेदारी है। सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना तथा वाराणसी कैण्ट विधानसभा को प्रदेश की आदर्श विधानसभा बनाना हमारा संकल्प है।उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी पूंजी है और इसी विश्वास के बल पर निरंतर जनसेवा एवं विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएँ एवं सुझाव विधायक के समक्ष रखे, जिनका उन्होंने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। क्षेत्रवासियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार का नियमित जनसंवाद विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ-साथ जनता और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष राजेश कुशवाहा, पार्षद विवेक कुशवाहा, मण्डल महामंत्री पुन्नू लाल बिंद, मण्डल उपाध्यक्ष वेद प्रकाश मिश्रा, मनीष मौर्य, मण्डल मंत्री विशाल सोनकर, विजय प्रजापति, जितेंद्र गौड़, विनोद चौहान, कमलेश बिंद, वीरेंद्र मिश्रा, विकास श्रीवास्तव, सतीश ओझा, राजेश पटेल, प्रमोद गौड़, संदीप पटेल, संजय मिश्रा, वरुण कुशवाहा, अखिलेश चौबे, तरुण मिश्रा, जयदीप बर्मन सहित बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
Comments (0)