वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने अपने कार्यरत कर्मचारियों, उनके आश्रितों तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सीजीएचएस पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए वाराणसी स्थित एपेक्स हॉस्पिटल के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। विश्वविद्यालय की केंद्रीय रजिस्ट्री में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी की उपस्थिति में कुलसचिव राजन श्रीवास्तव और एपेक्स हॉस्पिटल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर देवेन्द्र सिंह ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। एपेक्स हॉस्पिटल पहले से ही आईआईटी बीएचयू, महामना कैंसर संस्थान बीएचयू और होमी भाभा कैंसर अस्पताल के कर्मचारियों को कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
इस अवसर पर एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन एवं बीएचयू चिकित्सा संस्थान के पूर्व छात्र प्रो. डॉ. एस. के. सिंह ने कहा कि बीएचयू के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और सहज चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना एपेक्स हॉस्पिटल के लिए केवल दायित्व ही नहीं, बल्कि सम्मान का विषय भी है। उन्होंने कहा कि अपने ही विश्वविद्यालय परिवार की सेवा करने का यह अवसर उनके लिए विशेष आत्मीयता और गर्व का विषय है।
Comments (0)