वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन (1 जुलाई) के उपलक्ष्य में वाराणसी में पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं द्वारा एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी उनके जन्मदिन की पूर्व संध्या पर आयोजित किया गया, जिसमें भारी संख्या में नौजवानों ने हिस्सा लिया।
हर जाति और धर्म के युवाओं ने किया रक्तदान
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र संघ अध्यक्ष संदीप कुमार यादव ने इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए बताया कि अखिलेश यादव के जन्मदिन की खुशी में हमेशा की तरह इस बार भी रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन व्यापक स्तर पर किया गया है। उन्होंने कहा: "हमारे नेता पर अक्सर जातिवाद के आरोप लगाए जाते हैं, लेकिन आज का यह शिविर इस बात का सबूत है कि यहाँ हर जाति और धर्म के नौजवान बढ़-चढ़कर रक्तदान कर रहे हैं।"
153 यूनिट रक्त जुटाने का है संकल्प
संदीप यादव ने जानकारी दी कि दोपहर तक ही 80 लोगो ने रक्तदान कर दिया था और शाम तक 153 युवा अपना रक्तदान कर चुके हैं। यह सिलसिला शाम तक लगातार जारी रहने की बात कही गई है ताकि किसी भी पीड़ित या असहाय व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
पूर्व महामंत्री अनिल यादव ने 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का दावा किया और अखिलेश यादव की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के युवाओं और आम जनता का भविष्य सिर्फ अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही सुरक्षित है। युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा की उम्मीद केवल उन्हीं से है, इसलिए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में वे निश्चित तौर पर उत्तर प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।
इस अवसर पर पूर्व महामंत्री अनिल यादव , पूर्व अध्यक्ष संदीप यादव, हरीश मिश्रा, विवेक यादव, अभिषेक मिश्रा आरडी,अंशु चौरसिया, आनंद बॉगी,नितेश बुलेट, शिवम महाकाल,अर्श अहमद, जितेंद्र सिंह , अभिषेक रुद्र, सैफ खान , सत्या यादव, अभिषेक यादव , पंकज सोनकर, चंद्रजीत गुड्डू, अविनाश, राघव, आशीष , हर्ष,व तमाम नौजवान रहे।
Comments (0)