वाराणसी । प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आदित्य नगर पार्क में पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। नगर निगम से पार्क को गोद लेकर यहां सघन वन विकसित करने की पहल की गई है।

पर्यावरणविद् एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास तथा गंगा हरितिमा अभियान (उत्तर प्रदेश) के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में आम, अमरूद, आंवला, बेल, नींबू और महुआ सहित विभिन्न फलदार पौधे रोपे गए। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ जैव विविधता को बढ़ावा देना और काशी को हरित एवं स्वच्छ बनाना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने स्वयं पौधरोपण किया। उन्होंने उपस्थित नागरिकों, सीआरपीएफ जवानों और कार्यकर्ताओं को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट आर. एस. बालापुरकर ने ग्रामवासियों, सृजन संस्था के सदस्यों और सीआरपीएफ जवानों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने लोगों से काशी को हरा-भरा, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए लगातार पौधरोपण करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रोहित सिंह, पार्षद श्याम भूषण शर्मा, पार्षद सुरेश पटेल ‘गुड्डू’, पार्षद सौरभ पटेल, राजू वर्मा, अजय विश्वकर्मा, रितेश राय, श्रेयांश वलोरा सोम, मनोज कुमार एवं प्रवीण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। नगर निगम के माली बंधुओं ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सीआरपीएफ के प्रवीण सिंह एवं उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही। अंत में सभी प्रतिभागियों ने “स्वच्छ काशी, सुंदर काशी, हरित काशी” के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।