नियामताबाद (चंदौली)। क्षेत्र के गौसपुर स्थित एक निजी प्राथमिक विद्यालय परिसर में रविवार को पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। गोष्ठी में संगठन को मजबूत बनाने, जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष तेज करने और आगामी चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं ब्लाक प्रमुख बाबूलाल यादव ने कहा कि पीडीए की विचारधारा समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने, आम जनता की समस्याएं सुनने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के दबे-कुचले वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखना होगा और जनता का विश्वास जीतकर ही समाजवादी पार्टी की सरकार बनाई जा सकती है।

नायाब अहमद ने कहा कि समाज को बांटने वाली शक्तियों का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करना होगा। उन्होंने किसानों, बुनकरों और आम जनता की समस्याओं का उल्लेख करते हुए सिंचाई, खाद, बिजली तथा बुनकरों के लिए विशेष बिजली योजना लागू करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को गति देने का संकल्प लिया। गोष्ठी में सत्य प्रकाश, मोहम्मद जलील, राजभवन, सुंदर, श्यामलाल, सुधू प्रसाद, बलदेव, इंसाफ अली, दयाराम यादव, वाजिद अली, गोपाल, बिन दरोगा, उमाशंकर, नानू, पप्पू, जहीर अहमद, डॉ. जावेद, अवधेश एवं संजय कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संदीप मास्टर ने किया, जबकि अध्यक्षता शिवधार यादव ने की।