वाराणसी: लोहता थाना क्षेत्र के लोहता कस्बा में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, रोहनिया और मंडुवाडीह थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतकों की पहचान राशिद जमाल (निवासी लोहता) और छेदी बारी (निवासी भट्टी) के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा का बयान:

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा ने बताया, "लोहता थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहता कस्बा में हाईवे पर लगभग 11 बजे सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसमें दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतकों के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। घटना में शामिल ट्रक और चालक की पहचान व गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।"