रोहनिया। वन महोत्सव सप्ताह के तहत बुधवार को अखरी स्थित वीएनएस महिला महाविद्यालय में पौधारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वन संरक्षक वाराणसी रवि कुमार सिंह एवं प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) निधि चौहान ने पर्यावरण ऋषि अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पौधारोपण कर किया।
कार्यक्रम के दौरान 'एक पेड़ मां के नाम' तथा 'एक विद्यार्थी-एक पौधा' अभियान के तहत छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों ने पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर वन संरक्षक रवि कुमार सिंह ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है।
डीएफओ निधि चौहान ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करें। पर्यावरण ऋषि अनिल कुमार सिंह ने कहा कि यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो हरित वातावरण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में भाषण, कविता एवं पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने 'पेड़ लगाएंगे, पेड़ बचाएंगे और धरती को हरा-भरा बनाएंगे' का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रबंधक संदीप सिंह, एचएसएसएफ संयोजक मनोज कुमार, डिप्टी रेंजर राजकुमार गौतम, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Comments (0)