जमीनी विवाद में युवक की हत्या, सिंधोरा पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को किया गिरफ्तार


वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझांवा गांव में जमीनी विवाद और आपसी रंजिश के चलते हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।


पुलिस के अनुसार 2 जुलाई 2026 को मझांवा गांव में सौरभ सिंह और दूसरे पक्ष के रिशु सिंह व अन्य के बीच जमीनी विवाद को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष ने सौरभ सिंह को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल सौरभ सिंह को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय, वाराणसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मृतक के पिता की तहरीर पर थाना सिंधोरा में मुकदमा संख्या 126/2026, धारा 3(5)/103(1) बीएनएस के तहत बबलू सिंह, रिशु सिंह, देवी सिंह, राजेश सिंह, गोलू सिंह और हरिओम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। गठित पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर 3 जुलाई 2026 को चार नामजद आरोपी—रिशु सिंह, देवी सिंह, राजेश सिंह और गोलू सिंह—को गिरफ्तार कर लिया। सभी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य फरार आरोपी बबलू सिंह और हरिओम सिंह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किए जाने का दावा किया गया है।