महिला सशक्तिकरण और हुनर का संदेश मेला बना उत्सव का केंद्र, नव युक्तियों को मिल रहा 


वाराणसी। पावन नगरी काशी में महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा द्वारा भव्य राजस्थानी हस्तकला मेला का आयोजन किया गया। सोमवार को सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक स्वदेशी वस्तुओं, पारंपरिक हस्तशिल्प और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा यह मेला उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। मेले में शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प, आकर्षक परिधान, आभूषण, होम डेकोर आइटम्स, उपहार सामग्री और स्वादिष्ट राजस्थानी व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया। मेले में लगभग 70 स्टॉल लगाए गए थे, जहां विभिन्न उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी एवं बिक्री हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रिंस जायसवाल एवं पूजा जायसवाल रहे। विशिष्ट अतिथियों में दीपक बजाज, उमा बजाज, श्याम सुंदर प्रसाद एवं शकुंतला प्रसाद उपस्थित रहे। अतिथियों ने मेले का अवलोकन कर आयोजन की प्रशंसा की और महिला उद्यमिता तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में मारवाड़ी युवा मंच के प्रयासों की सराहना की। इस मेला आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें रोजगार से जोड़ना था। आयोजकों ने नवयुवतियों को संदेश दिया कि शिक्षा के साथ-साथ अपने अंदर छिपे हुनर को भी निखारें, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज के विकास में योगदान दे सकें।

मेले के प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों की मनोरंजक गतिविधियां, लकी ड्रॉ और पुरस्कार वितरण समारोह रहे। दिनभर खरीदारी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के कारण पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल छाया रहा। इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी, रोटरी क्लब, भारत विकास परिषद तथा अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले पदाधिकारी अध्यक्षा विनीता प्रसाद, सचिव सिल्की अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुषमा अग्रवाल, संयोजिकाएं नीतू मुरारका, स्मिता लोहिया, बबिता अग्रवाल, मनीषा अग्रवाल, प्रचार मंत्री अंशु अग्रवाल, सहसचिव मीनू पोद्दार, उपाध्यक्ष क्षमा अग्रवाल, सांस्कृतिक मंत्री अल्का पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य अनिता अग्रवाल, मेघा यादुका, संध्या अग्रवाल, श्रेया तुलस्यान, पिंकी अग्रवाल, मिली डिडवानिया, राधा अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने भी अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। 

कार्यक्रम का गरिमापूर्ण संचालन रूप केड़िया ने किया। शाखा के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, प्रदर्शकों, प्रायोजकों, आगंतुकों और मीडिया का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन अत्यंत सफल, भव्य और अविस्मरणीय बन सका। यह मेला न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान का माध्यम बना, बल्कि महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हुआ।